भाजपा की जीत को पीएम मोदी ने बताया जीत का चौका

विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में भाजपा गठबंधन बहुमत की ओर बढ़ रहा है। वहीं, गोवा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी के इस प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य शीर्ष नेता भी पार्टी मुख्यालय पर मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के अन्य नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद यहां पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं ने जिस प्रकार भाजपा को समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने ये विजयी पताका लहराई है। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करता हूं। जनता-जनार्दन का दिल जीतने में, विश्वास जीतने में हम सफल रहे और पूरे पार्टी का नेतृत्व जिन्होंने किया। जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मैं अभिनंदन करता हूं, बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि सभी छोटे-मोटे कार्यकर्ताओं ने उनके अथक परिश्रम से एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया है। साथियों उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी सीएम को दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे अनुमान गलत निकल गए। वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का अवसर दिया। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दोबारा सत्ता में आई है। एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य और एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य और एक पूर्वोत्तर में स्थित राज्य। भाजपा को चारों तरफ से आशीर्वाद मिला है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर लोगों को अपार विश्वास है। साथियों ये चुनाव नतीजे भाजपा की प्रो-पुअर, प्रोएक्टिव गवर्नेंस पर एक प्रकार से बड़ी मजबूत मुहर लगाते हैं। पहले जनता अपने ही हक के लिए सरकार के दरवाजे खटखटाती थी। बिजली, पानी, गैस, टेलिफोन। बहुत बुनियादी सुविधाओं, सामान्य जरूरतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। पैसे देने पड़ते थे। कुछ साधन संपन्न लोगों तक सुविधा पहुंचने के रास्ते अलग थे। देश में गरीबों के नाम पर घोषणाएं बहुत हुईं। योजनाएं भी बहुत हुईं, लेकिन उस योजनाओं का जो हकदार था, उसके लिए ये हक उसको मिले, बिना परेशानी के मिले, उसके लिए गुड गवर्नेंस, डिलीवरी का बड़ा महत्व होता है, लेकिन भाजपा ये समझती है। मैं लंबे अरसे तक सीएम के नाते काम कर के आया हूं। इसलिए मुझे पता है कि आखिरी इंसान तक सुविधा पहुंचाने के लिए क्या करना पड़ता है।

Source : Amar Ujala