कन्नौज में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025 पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार द्वारा पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जनपद में हाल ही में घटित अपराधों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करें और पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत व पेशेवर समस्याओं को भी सुना। समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कर सकें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही पुलिस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों और जवानों से अपील की कि वे जनसंपर्क को मजबूत करें, जिससे आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक बढ़े।