बिजली मंत्री एके शर्मा के आदेश पर नगर विकास विभाग के दो अधिकारियों को सस्पेंड किया गया

यूपी सरकार के बिजली मंत्री एके शर्मा के आदेश पर नगर विकास विभाग के दो अधिकारियों को सस्पेंड किया गया है। लखनऊ नगर निगम के एक्सईएन और आगरा के सेनेटरी ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई कई गई है। दोनों ही लोगों ने अपना काम ईमानदारी से नहीं किया था। शासकीय आदेशों की अवहेलना, कर्तव्यों के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही बरतने पर नगर निगम आगरा एवं लखनऊ के दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसमें नगर निगम, आगरा में उत्तर प्रदेश पालिका, स्वास्थ्य सेवा के जोनल सेनेटरी ऑफिसर महेश चन्द्र को शासकीय आदेशों की अवहेलना के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जबकि नगर निगम जोन 7 के एक्सईएन बिजेन्द्र पाल को अपना काम ठीक से नहीं करने के लिए निलंबित किया गया है। दोनों निलम्बित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति भी कर दी गई है।
प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने इस संबंध में शुक्रवार को निलंबन आदेश जारी कर दिया है। जारी ओदश में कहा गया है कि नगर निगम आगरा के जोनल सेनेटरी ऑफिसर को दिसम्बर 2023 में नगर निगम मथुरा-वृन्दावन में इसी पद पर तैनाती के आदेश दिए गए थे। लेकिन महेश चन्द्र द्वारा नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया। यहां तक की अनुशासनहीनता पर उनका स्पष्टीकरण मांगने पर भी उन्होंने शासकीय आदेशों की अवहेलना की थी।
नगर निगम लखनऊ जोन 7 के एक्सईएन बिजेन्द्र पाल द्वारा अपने क्षेत्रों में नाला सफाई का काम ठीक से नहीं कराया था। काम समय से पूरा न होने के कारण उनको निलंबित किया गया है। नगर निगम लखनऊ की महापौर द्वारा जोन-7 स्थित लोहिया नगर, शंकर पुरवा द्वितीय, इंदिरा नगर वार्ड के पास के नालों की सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण किया गया था, जिसमें कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया।
अमृत अभिजात ने नगरीय निकायों के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि विभागीय कार्यों में लापरवाही एवं शिथिलता बरतने तथा शासकीय आदेशों की अवहेलना पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कार्मिक का ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment