एक तरफ ओमीक्रोन तो दूसरी अमेरिका में विनाशकारी बवंडर ने मचाई तबाही

अमेरिका के दक्षिणी और मध्य-पश्चिमी क्षेत्र में शुक्रवार की रात कम से कम 18 बवंडरों ने भारी तबाही मचाई है। अमेरिका में केंटकी राज्य के गवर्नर ने कहा कि चक्रवातों और खराब मौसम के कारण कम से कम पांच राज्यों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। इससे राज्य में कम से कम 70 के करीब लोगों की मौत होने की आशंका है और यह आंकड़ा 100 तक पहुंच सकता है। इस बीच, मेफील्ड में बवंडर के आने के बाद बचाव दल चारो तरफ बिखरे मलबों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। मेफील्ड में आए विनाशकारी बवंडर से दर्जनों लोगों के मारे जाने की सूचना है और अभी भी कई लोग लापता हैं। इन सभी लोगों के लिए राज्य में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
विनाशकारी बवंडर से एक मोमबत्ती कारखाना गिर गया और एक नर्सिंग होम भी पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने बताया कि जब बवंडर आया तब इस कारखाने में 110 लोग काम कर रहे थे, उनमें से चालीस लोगों को बचा लिया गया है। मोमबत्ती कारखाने में लापता लोगों में चार बच्चों की 50 वर्षीय मां जेनाइन डेनिस जानसन विलियम्स भी शामिल हैं।
अकेले केंटकी में शनिवार देर रात तक 22 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिसमें बालिंग ग्रीन और उसके आसपास के 11 लोगों की मौत शामिल हैं। बवंडर में जान गंवाने वाले लोगों की जानकारी देते हुए गवर्नर बेशियर ने कहा कि विनाशकारी बवंडर से 70 से ऊपर लोगों के मारे जाने की खबर है। यह संख्या 100 से अधिक की भी सकती है।
बता दें कि पश्चिमी केंटकी के 10,000 वाले लोगों के मेफील्ड शहर में इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। गिरे हुए पेड़ों के मलबों ने जमीन को ढक दिया है। मुड़ी हुई धातु की चादरें, गिरी बिजली की लाइनें और क्षतिग्रस्त वाहन सड़कों पर कतारबद्ध हो गए हैं। जो इमारतें अभी भी खड़ी हुईं है उनकी खिड़कियों और छतें उड़ गई हैं।