फर्रुखाबाद में वन महोत्सव पर डीपीएस इंटर कॉलेज मूसाखिरिया में जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने मिलकर रोपे पौधे

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2025 वन महोत्सव 2025 के अवसर पर प्रभागीय वन अधिकारी फर्रुखाबाद के निर्देशन में फ्रेंड फर्रुखाबाद संस्था द्वारा डीपीएस इंटर कॉलेज, मूसाखिरिया, जहानगंज में वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण की इस पहल में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी रहे, जिन्होंने स्वयं पौधारोपण कर उपस्थित सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ विद्यालय प्रबंधक श्री सर्वेश सिंह कटियार, प्रधानाचार्य श्री शिव ओम द्विवेदी, ग्राम प्रधान मूसाखिरिया श्री सर्वेश कुमार, दुर्गा वाहिनी विश्व हिंदू परिषद से बहन विधि सिंह, विश्व हिंदू परिषद से श्री श्याम मोहन तिवारी तथा बजरंग दल के श्री अभिषेक शाक्य भी मौजूद रहे।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से नियमित रूप से पौधों की देखभाल करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना था, बल्कि समाज में हरित चेतना फैलाना भी रहा। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।