दिवाली पर अखिलेश यादव बोले गरीबों, किसानों के लिए संघर्ष करें सपा कार्यकर्ता, चाचा से भी मिले

समाजवादी पार्टी के मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को भी सैफई स्थित अपने आवास पर सुबह प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले। सैफई स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में सभी कार्यकर्ताओं को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मुंह मीठा कराया।प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ बेहद मुखर अखिलेश यादव हमला करने का कोई मौका नहीं चूकते हैं। आज भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे गरीबों एवं किसानों के बीच जाएं और उनकी मदद करें। उन्होंने कहा कि भाजपा में गरीबों किसानों बेरोजगारों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही।

यादव ने करीब दो घंटे तक बारी-बारी से पार्टीजनों से मिलकर उनका हालचाल लिया। इसके बाद वे इटावा शहर निकल गए। नेताजी मुलायम सिंह यादव के सिविल लाइन स्थित आवास पर गए। यहां से वे अपने चाचा राजपाल सिंह यादव से मिले। चाचा राजपाल पिछले दिनों से बीमार हैं।चचेरे भाई और जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव से उनका हालचाल लिया। इसके बाद दीपावली पर चाचा का आशीर्वाद लिया। इटावा आवास पर कुछ देर रुकने के बाद फिर वापस सैफई चले गए। यादव मंगलवार की शाम लखनऊ से चल कर सड़क मार्ग से सैफई पहुंचे थे।

इस दौरान उन्होंने घर पर आए लोगों को दीपावली पर बधाई देकर उनसे मुलाकात की थी। इस दौरान पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव, मैनपुरी विधायक राजू यादव, शिवराम सिंह यादव, जिला अध्यक्ष गोपाल यादव, कौशलेंद्र यादव ठेकेदार, सुखबीर सिंह यादव प्रधान, राजवीर सिंह यादव, संजू यादव आदि मौजूद रहे।