अब निषाद नेताओं का रोना शुरू ,बना चाहते हैं उप मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी निषाद पार्टी ने माँग की है कि उसके नेता संजय निषाद को उप मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बना कर पेश किया जाए। पार्टी ने कहा है कि बीजेपी चुनाव के पहले ही यह घोषित कर दे कि यदि उसकी अगुवाई वाला गठबंधन चुनाव जीता और उसकी सरकार बनी तो संजय निषाद उप मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में निषाद पार्टी का सिर्फ एक सदस्य है। इसके अलावा संजय निषाद के बेटे प्रवीण संत कबीर नगर से सांसद हैं।

लेकिन पार्टी का कहना है कि उसे उप मुख्यमंत्री पद चाहिए और इसका एलान चुनाव से पहले कर दिया जाए। संजय निषाद ने मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा से मुलाक़ात की थी और बुधवार को उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी को 160 सीटें चाहिए। उन्होंने यह दावा किया कि मछुआरा समुदाय के लोग अब बीएसपी, समाजवादी पार्टी या कांग्रेस को वोट नहीं देते हैं।

संजय निषाद ने खुद को उप-मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में सभी जातियों के लोग मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बन चुके हैं। इसलिए बीजेपी को उप मुख्यमंत्री के रूप में मेरे नाम का एलान कर देना चाहिए। इससे उसे भी फ़ायदा होगा और निषाद समुदाय को भी।’

उन्होंने कहा कि इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष से यह माँग भी की गई है कि निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्ज दिया जाना चाहिए।