फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 दिसम्बर 2025 जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला अधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार 19 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज क्षेत्राधिकारी कायमगंज श्री राजेश द्विवेदी एवं एआरटीओ श्री सुभाष राजपूत द्वारा थाना अध्यक्ष कायमगंज के साथ नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खान ऑटोमोबाइल्स एवं आर.पी. फिलिंग स्टेशन पर बिना हेलमेट लगाए पेट्रोल लेने पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
टीम द्वारा बिना हेलमेट पेट्रोल लेने वाले 25 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट किसी भी दोपहिया वाहन चालक को पेट्रोल न दिया जाए, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान मदिरापान कर दोपहिया वाहन चलाते हुए एक बाइक सवार को पकड़ा गया, जिस पर ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत ₹8000 का चालान किया गया।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे हेलमेट अवश्य पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।
