औरैया में नवागत पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने संभाला कार्यभार

औरैया:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 सितम्बर 2025 जनपद में नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक भारती ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस लाइन में गार्द की सलामी ली और तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान श्री भारती ने थाना प्रभारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की तथा कार्य की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना और जनता को त्वरित न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

नवागत एसपी ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनता के प्रति संवेदनशीलता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जनपद में नए पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालने से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई उम्मीदें बंधी हैं।