नई दिल्ली: छात्राओं के यौन उत्पीड़न और धोखाधड़ी के आरोपों में घिरे स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पार्थ सारथी।

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 सितम्बर 2025 राजधानी दिल्ली में एक बड़े शिक्षा संस्थान से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIIM) में पढ़ रही महिला छात्रों के साथ यौन उत्पीड़न और धोखाधड़ी के गंभीर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पार्थ सारथी ने EWS (Economically Weaker Section) छात्रवृत्ति के तहत PGDM कोर्स कर रही छात्राओं को अशोभनीय संदेश भेजे। आरोप है कि उन्होंने न केवल अपशब्दों का प्रयोग किया बल्कि WhatsApp और SMS पर अश्लील संदेश भी भेजे। यही नहीं, छात्रों के साथ शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश करने का भी मामला सामने आया है।

यह शिकायत 04 अगस्त 2025 को श्री पी.ए. मुरली, प्रशासक, श्री शृंगेरी मठ एवं उसकी संपत्तियों की ओर से दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित सबूत जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

इस मामले ने न केवल संस्थान की छवि को धक्का पहुँचाया है बल्कि देशभर में आश्रमों और धार्मिक संस्थानों से जुड़े आचार्यों पर उठते सवालों को भी एक बार फिर उजागर कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए छात्राओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही, आरोपी के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और छात्राओं को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।