नई दिल्ली:रेलवे ने घटाई रेल नीर और पैकेज्ड पानी की कीमतें, यात्रियों को मिलेगी राहत

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 सितंबर 2025 भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए रेल नीर और अन्य पैकेज्ड पीने के पानी की कीमतों में कमी करने का फैसला किया है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी कमर्शियल सर्कुलर संख्या 18/2025 के अनुसार अब एक लीटर की रेल नीर बोतल की कीमत ₹15 की जगह ₹14 होगी, वहीं 500 मिलीलीटर बोतल की कीमत ₹10 से घटाकर ₹9 कर दी गई है। रेलवे बोर्ड ने यह संशोधित दरें 22 सितंबर 2025 से लागू करने का आदेश दिया है।

अन्य ब्रांड्स की बोतलों पर भी असर

रेल नीर के अलावा रेलवे द्वारा शॉर्टलिस्ट किए गए अन्य ब्रांड्स की पैकेज्ड पानी की बोतलों के दाम भी कम कर दिए गए हैं। अब रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में बिकने वाली अन्य कंपनियों की पानी की बोतलों की कीमतें भी रेल नीर के समान होंगी यानी 1 लीटर बोतल ₹14 और 500 एमएल बोतल ₹9 में मिलेगी।

यात्रियों के लिए राहत

गर्मी और लंबी यात्राओं में पानी यात्रियों की सबसे बड़ी जरूरत होती है। लंबे समय से यात्री रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में पानी की ऊंची कीमतों को लेकर शिकायत करते आ रहे थे। अब कीमत घटने से यात्रियों को सस्ता और मानक गुणवत्ता वाला पानी उपलब्ध होगा।

नया आदेश 22 सितंबर से लागू

रेलवे बोर्ड के अनुसार ये नई कीमतें 22 सितंबर 2025 से पूरे देश में लागू होंगी। रेलवे प्रशासन ने सभी जोनों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों के लिए यह बदलाव न केवल आर्थिक राहत है बल्कि यह रेलवे की सुविधाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है।