नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अगस्त 2025 केंद्र सरकार ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सतीश कुमार को एक साल का सेवा विस्तार दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडलीय नियुक्ति समिति (ACC) ने उनके कार्यकाल को 1 सितंबर 2025 से एक वर्ष के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सतीश कुमार को यह सेवा विस्तार पुनर्नियुक्ति (Re-employment) के आधार पर वर्तमान शर्तों व नियमों पर दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह विस्तार एक वर्ष के लिए या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
सतीश कुमार भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (IRMS) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वे भारतीय रेल में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन एवं सीईओ बनने से पहले वह लखनऊ मंडल (DRM) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी कार्यकुशलता और बेहतर प्रबंधन क्षमता के चलते उन्हें रेलवे बोर्ड का शीर्ष पदभार सौंपा गया था।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, सतीश कुमार के कार्यकाल में रेलवे के बुनियादी ढांचे के विकास, यात्री सुविधाओं में सुधार और संगठनात्मक बदलाव की दिशा में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। अब सेवा विस्तार मिलने के बाद उनसे रेलवे में चल रहे सुधार कार्यों को और गति देने की उम्मीद की जा रही है।
यह आदेश 27 अगस्त 2025 को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, स्थापना अधिकारी कार्यालय से जारी किया गया।
