नई दिल्ली:पीएम मोदी ने बढ़ाई बड़ी राहत : पीएम स्वनिधि योजना अब 31 मार्च 2030 तक

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2025 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के रेहड़ी-पटरी और ठेला लगाने वाले भाई-बहनों को बड़ी सौगात दी है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi Yojana) को बढ़ाकर अब 31 मार्च 2030 तक करने का फैसला लिया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि देश के छोटे-छोटे कारोबारियों, ठेला-रेहड़ी वालों और पटरी दुकानदारों को आत्मनिर्भर बनाने में हर संभव मदद दी जाएगी। इस दिशा में स्वनिधि योजना गरीब तबके के लिए एक मजबूत सहारा साबित हो रही है।

क्या है पीएम स्वनिधि योजना?

यह योजना 1 जून 2020 से शुरू की गई थी।

इसका उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और ठेला लगाने वाले छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी सस्ता ऋण उपलब्ध कराना है।

पहली बार में 10 हजार रुपये, दूसरी बार 20 हजार रुपये और तीसरी बार 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है।

ऋण चुकाने पर ब्याज में सब्सिडी और डिजिटल लेनदेन पर कैशबैक जैसी सुविधाएँ भी मिलती हैं।

अब 2030 तक बढ़ी उम्मीदें

योजना की समयसीमा पहले मार्च 2025 तक थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 मार्च 2030 कर दिया गया है। इससे लाखों स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे कारोबारियों को निरंतर वित्तीय सहयोग मिलता रहेगा।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह कदम गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की आजीविका सुरक्षित करने और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में मददगार साबित होगा।