नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2025 देश के टोल प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट X के माध्यम से जानकारी दी कि आगामी 15 अगस्त 2025 से पूरे देश में FASTag आधारित वार्षिक पास (Annual FASTag Pass) की सुविधा शुरू की जा रही है।
एक साल में ₹3,000 में मिलेगी अनलिमिटेड सुविधा
इस नई नीति के तहत वाहन चालकों को अब हर बार टोल प्लाजा पर भुगतान करने की आवश्यकता नहीं होगी। सिर्फ ₹3,000 का भुगतान करके एक FASTag वार्षिक पास प्राप्त किया जा सकेगा, जो कि एक वर्ष तक या 200 यात्राओं (जो पहले पूरी हो) तक वैध रहेगा।
गडकरी ने कहा – यह एक ऐतिहासिक पहल
नितिन गडकरी ने अपने पोस्ट में इसे “एक ऐतिहासिक पहल” बताया और लिखा:
“आगामी 15 अगस्त 2025 से ₹3,000 की कीमत वाला FASTag-आधारित वार्षिक पास शुरू किया जा रहा है। यह पास एक्टिव होने की तिथि से एक वर्ष तक या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा।”
कैसे मिलेगा वार्षिक FASTag पास?
1. योग्य वाहन: यह सुविधा निजी वाहनों और उन व्यावसायिक वाहनों के लिए होगी जो FASTag का उपयोग करते हैं।
2. खरीद प्रक्रिया: पास को FASTag जारी करने वाले बैंकों या आधिकारिक FASTag पोर्टल से प्राप्त किया जा सकेगा।
3. डिजिटल प्रक्रिया: ऑनलाइन आवेदन कर भुगतान करने पर सीधे FASTag अकाउंट में यह सुविधा एक्टिव कर दी जाएगी।
4. रिन्यूअल सिस्टम: यदि कोई व्यक्ति 200 यात्राएं एक साल के पहले पूरी कर लेता है तो पास को पुनः रिन्यू कराना होगा।
यात्रियों को होंगे ये फायदे:
तेज और सुगम यात्रा: बार-बार टोल पर रुकने से बचाव
व्यवस्थित योजना: खर्च पहले से निर्धारित होने के कारण बजट मैनेजमेंट आसान
डिजिटल ट्रैकिंग: सभी ट्रिप्स और खर्च ऑनलाइन ट्रैक किए जा सकेंगे
लंबी दूरी यात्राओं के लिए लाभदायक: खासकर दैनिक यात्रियों व व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए
सरकार की डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और कदम
यह निर्णय डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से लिया गया है। फास्टैग प्रणाली को पहले ही अनिवार्य किया जा चुका है, और अब वार्षिक पास की सुविधा इससे एक कदम आगे है। इस योजना से न सिर्फ आम जनता को राहत मिलेगी, बल्कि टोल प्लाजा पर भीड़ कम होगी और संचालन भी अधिक प्रभावी होगा।
