नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 सितंबर 2025 जम्मू-कश्मीर (केंद्र शासित प्रदेश) के हजरतबल दरगाह परिसर में हाल ही में हुए जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य के दौरान लगाए गए शिलापट्ट को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना ने नया विवाद खड़ा कर दिया है।
आंवला (बरेली) से लोकसभा सांसद नीरज मौर्य ने इस मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर गहरी चिंता और नाराज़गी जताई है। सांसद ने बताया कि दरगाह का जीर्णोद्धार/पुनर्निर्माण वक्फ बोर्ड व सरकार की देखरेख में संपन्न हुआ था। कार्य पूर्ण होने के बाद लगाए गए शिलापट्ट पर भारत का राष्ट्रीय प्रतीक अशोक की लाट अंकित की गई थी, जो हर भारतीय के स्वाभिमान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है।
मौर्य ने पत्र में लिखा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने इस शिलापट्ट को तोड़कर राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान किया है, जो “अत्यंत निंदनीय, अस्वीकार्य तथा राष्ट्र की गरिमा के विपरीत” है। उन्होंने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे राष्ट्रविरोधी कृत्यों की पुनरावृत्ति न हो सके।
सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य भी है।
गौरतलब है कि हजरतबल दरगाह जम्मू-कश्मीर की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहाँ पर समय-समय पर सरकार द्वारा विकास और संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं चलाई जाती रही हैं।
