नई दिल्ली:महर्षि वाल्मीकि जयंती पर अवकाश की मांग: सांसद चन्द्रशेखर ने प्रधानमंत्री को भेजा पत्र

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 नगीना से लोकसभा सांसद एड. चन्द्रशेखर आज़ाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर महर्षि वाल्मीकि प्रकाश पर्व पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की है। सांसद ने पत्र में कहा है कि महर्षि वाल्मीकि न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं और उनका प्रकाश पर्व विश्वभर में बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है।

सांसद चन्द्रशेखर ने पत्र में उल्लेख किया कि उत्तर प्रदेश में पहले महर्षि वाल्मीकि प्रकाश पर्व पर सार्वजनिक अवकाश होता था, लेकिन वर्ष 2017 में इसे समाप्त कर दिया गया। तब से अब तक इसे पुनः बहाल नहीं किया गया है, जिससे समाज में गहरी निराशा व्याप्त है।सांसद ने मांग की है कि महर्षि वाल्मीकि जी का प्रकाश पर्व केवल किसी एक प्रदेश तक सीमित न रहकर पूरे देश में राष्ट्रीय अवकाश के रूप में घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह निर्णय करोड़ों अनुयायियों की भावनाओं और आस्थाओं का सम्मान होगा। एड. चन्द्रशेखर आज़ाद ने उम्मीद जताई कि सरकार इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर समाज की भावनाओं का सम्मान करेगी।