नई दिल्ली:गांधी नगर मार्केट की स्वर्ण जयंती पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2025 मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज अशोक बाज़ार, गांधी नगर में आयोजित वस्त्रिका–2025 कार्यक्रम एवं गांधी नगर मार्केट की स्वर्ण जयंती समारोह में शिरकत की। इस दौरान कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक अरविंदर सिंह लवली, श्री अनिल गोयल और विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष कपिल खन्ना सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सीएम रेखा गुप्ता ने गांधी नगर मार्केट के 50 वर्ष पूर्ण होने पर सभी व्यापारियों और दिल्लीवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह मार्केट न सिर्फ एशिया की सबसे बड़ी रेडीमेड गारमेंट मार्केट है, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार प्रदान कर दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रही है। यह बाजार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का प्रतीक बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर यमुनापार क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि –

यमुनापार के विकास के लिए जितना भी फंड आवश्यक होगा, दिल्ली सरकार उसे स्वीकृत करेगी।

यहां से डीटीसी और इलेक्ट्रिक बसों के नए रूट्स की शुरुआत की जाएगी।

यमुना की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए पानी और सीवर लाइन की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

क्षेत्र में नई मल्टीलेवल पार्किंग, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

रेखा गुप्ता ने कहा कि गांधी नगर मार्केट स्वदेशी की शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की जीवंत पहचान है। यहां के व्यापारी न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था में अहम योगदान दे रहे हैं।

 स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल सभी अतिथियों और व्यापारियों ने भी इस ऐतिहासिक पल पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में गांधी नगर मार्केट को और बेहतर बनाने की दिशा में सहयोग का संकल्प लिया।