नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 दिसंबर 2025 नकली पनीर, मिलावटी दूध और दूध से बने उत्पादों में बढ़ती मिलावट को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ा कदम उठाया है। FSSAI ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश जारी किए हैं कि दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट और गलत ब्रांडिंग के खिलाफ एक विशेष देशव्यापी प्रवर्तन अभियान चलाया जाए।
FSSAI के अनुसार हाल के समय में दूध, पनीर, खोया, दही, घी जैसे उत्पादों में मिलावट और नकली उत्पादों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जो सीधे तौर पर आमजन के स्वास्थ्य के लिए खतरा हैं। ऐसे में इस विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभागों को बाजार, डेयरी इकाइयों, दूध संग्रह केंद्रों, मिठाई की दुकानों और थोक विक्रेताओं पर सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान संदिग्ध उत्पादों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। मानकों पर खरे न उतरने वाले उत्पादों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गलत ब्रांडिंग, भ्रामक लेबलिंग और बिना लाइसेंस के कारोबार करने वालों पर भी सख्ती बरती जाएगी।
FSSAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे दूध और दुग्ध उत्पाद केवल पंजीकृत और विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन या संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं।
यह देशव्यापी अभियान न केवल मिलावटखोरों पर लगाम लगाएगा, बल्कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के विश्वास को भी मजबूत करेगा।
