नेपाल बस हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 41

नेपाल के तनाहुन जिले में सड़क दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने शुक्रवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौतों की पुष्टि की। वहीं, इन पर्यटकों में से 24 के शव को नासिक लाने के लिए भारतीय वायु सेना के एक विशेष विमान की व्यवस्था की गई है। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के कार्यालय ने इस बाबत जानकारी दी है। महाराष्ट्र सीएम कार्यालय ने बताया कि कि इस बारे में एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से वार्ता की।

वार्ता के दौरान, मुख्यमंत्री शिंदे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से स्वदेश वापसी में तेजी लाने का अनुरोध किया। जिसके बाद केंद्र सरकार ने समन्वय के लिए एक विशेष अधिकारी की नियुक्ति की है। बता दें कि सीएम शिंदे नेपाल में चल रहे राहत प्रयासों पर अपडेट रहने के लिए राज्य के राहत और पुनर्वास विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

ऐसे हुआ हादसा: मध्य नेपाल में शुक्रवार को एक भारतीय यात्री बस के मर्सियांगडी नदी में गिर जाने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, बस में 40 यात्री सवार थे। इस तरह चालक, सहचालक और कंडक्टर को मिलाकर बस में कुल 43 लोग थे। सभी यात्री महाराष्ट्र के बताए जा रहे हैं। बस ने 8 दिन के परमिट के साथ 20 अगस्त को रूपन्देही के बेलहिया चेक-पॉइंट (गोरखपुर) से नेपाल में प्रवेश किया था। दुर्घटना तनहुन जिले के आइना पहाड़ा में हुई। समाचार एजेंसी पीटीआई ने माई रिपब्लिका की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि बस में सवार सभी यात्री 104 तीर्थयात्रियों के दल का हिस्सा थे। सभी तीर्थयात्री महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भुसावल और आसपास के गांवों से आए थे।