NASA का कैप्सूल 7-साल बाद एस्टेरॉयड सैंपल लेकर लौटा, स्पेसक्राफ्ट ने पृथ्वी के 1 लाख किमी ऊपर कैप्सूल छोड़ा था

अमेरिकी स्पेस एजेंसी NASA के स्पेसक्राफ्ट ने 7 साल बाद आज 24 सितंबर 2023 को एस्टेरॉयड बेन्नू से कलेक्ट किया सैंपल पृथ्वी पर पहुंचाया। सैंपल से 4.5 अरब साल पहले सूरज और ग्रह कैसे बने इसकी जानकारी मिल सकती है।
इस मिशन का नाम OSIRIS-REx है, जो 8 सितंबर 2016 में लॉन्च हुआ था। मिशन की सबसे खास बात यह रही कि स्पेसक्राफ्ट ने पृथ्वी पर लैंड किए बिना सैंपल को पहुंचाया है। पृथ्वी से करीब एक लाख किमी ऊपर शाम 4.12 बजे स्पेसक्राफ्ट ने सैंपल कैप्सूल रिलीज किया। यह कैप्सूल रात 8:23 बजे यूटा रेगिस्तान में पेराशूट के जरिए उतरा।
वहीं, स्पेसक्राफ्ट ने सैंपल कैप्सूल को पृथ्वी के ऊपर रिलीज करने के 20 मिनट बाद इंजन फायर किए और ‘एपोफिस एस्टेरॉयड’ के नए सफर पर निकल गया। ये स्पेसक्राफ्ट एपोफिस एस्टेरॉयड पर साल 2029 में पहुंचेगा। OSIRIS-REx मिशन का नाम भी अब OSIRIS-APEX हो गया है।