मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की एन बीरेन सिंह ने ली शपथ, लगातार दूसरी बार बने राज्य के सीएम

एन बीरेन सिंह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। मणिपुर के राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उन्हें रविवार को विधायक दल का नेता चुना गया है। भाजपा की ओर से केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मणिपुर पहुंची वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने घोषणा की थी कि एन बीरेन सिंह मणिपुर के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने बताया कि विधायक दल ने बीरेन सिंह को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना है।
सीतारमण ने कहा कि यह सभी की सर्वसम्मति से लिया गया एक अच्छा निर्णय है। यह सुनिश्चित करेगा कि मणिपुर में एक स्थिर और जिम्मेदार सरकार हो।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। नड्डा के अलावा समारोह में भाजपा के कई बड़े नेता भी शामिल हुए।
बता दें कि 60 सीटों विधानसभा सीटों वाले मणिपुर चुनाव के नतीजे 10 मार्च को आए थे। सत्ताधारी भाजपा ने 32 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं, एनपीपी को सात, जेडीयू को सीटें, कांग्रेस और एनपीएफ को पांच-पांच, निर्दलीयों को दो और केपीए को दो सीटों पर जीत मिली थी।
गौरतलब है कि 2017 में भाजपा ने राज्य में पहली बार सरकार बनाई थी। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 21 सीटें जीती थी। एनपीपी और एनपीएफ के चार-चार, टीएमसी के एक और एक निर्दलीय विधायक के समर्थन से भाजपा ने सरकार बनाई थी।