नगीना:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अक्टूबर 2025 आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना (उत्तर प्रदेश) से सांसद एडवोकेट चन्द्र शेखर आज़ाद ने भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बहुजन समाज के महान जननायक मान्यवर साहब कांशीराम जी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किए जाने की माँग पुनः दोहराई है।
सांसद चन्द्र शेखर ने अपने पत्र में कहा है कि कांशीराम साहब ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के उत्थान, समानता और सामाजिक परिवर्तन के लिए समर्पित किया। उन्होंने “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” और “वोट हमारा, राज तुम्हारा नहीं चलेगा” जैसे ऐतिहासिक नारों के माध्यम से बहुजन समाज को जागरूक किया और भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि मान्यवर कांशीराम जी ने अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर सामाजिक एकता, भाईचारा और सम्मान की अलख जगाई। उनका संघर्ष भारतीय लोकतंत्र की आत्मा — समानता, स्वतंत्रता और बंधुता — का सजीव प्रतीक था।
एडवोकेट चन्द्र शेखर ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि कांशीराम जी को “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाए ताकि देश उनके अतुलनीय योगदान को औपचारिक रूप से स्वीकार करे और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में उनके सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिल सके।
पत्र के अंत में सांसद चन्द्र शेखर ने प्रधानमंत्री से इस विषय पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।
