सीमा विवाद पर मनसे का प्रदर्शन, मुंबई में कर्नाटक की बसों पर कालिख पोती

महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद हिंसक होता जा रहा है। नवी मुंबई में मनसे कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक की बसों पर ब्लैक पेंट स्प्रे कर विरोध किया। वहीं ​​​​​​सोलापुर में भी स्थानीय संगठनों ने कर्नाटक की बस पर कर्नाटक CM बोम्मई की फोटो लगाकर ब्लैक पेंट स्प्रे किया। इन घटनाओं के बाद महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने कर्नाटक के लिए बस सेवाएं रोक दी हैं।

उधर लोकसभा में NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि पिछले 10 दिनों से महाराष्ट्र में एक मुद्दा चल रहा है। हमारे पड़ोसी राज्य कर्नाटक के CM नॉनसेंस बोल रहे हैं। वे महाराष्ट्र को अलग करने की बात कर रहे हैं। दोनों ही राज्य भाजपा शासित हैं। महाराष्ट्र के लोगों को कल कर्नाटक में जाने पर पीटा भी गया। यह एक देश है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह करती हूं कि वे अब इस मुद्दे पर बोलें।