मिर्जापुर: वायरल वीडियो मामले में बड़ा खुलासा, सरोज सरगम समेत 9 गिरफ्तार।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 सितम्बर 2025 थाना कोतवाली शहर मीरजापुर में दर्ज वायरल वीडियो प्रकरण ने बड़ा रूप ले लिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद आरोपी बिरहा गायिका सरोज सरगम और उसके पति राममिलन बिन्द सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में एक बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें धार्मिक भावनाओं को भड़काने और समाज में विद्वेष फैलाने की साजिश सामने आई है।

कैसे हुआ खुलासा

23 मार्च 2025 को कोतवाली शहर  मिर्जापुर थाने में आपत्तिजनक वीडियो से जुड़ा मुकदमा दर्ज किया गया था। यह वीडियो हिन्दू देवी-देवताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह कंटेन्ट बिरहा गायिका सरोज सरगम और उसके पति राममिलन बिन्द द्वारा बनाया और अपलोड कराया गया था।

23/24 सितम्बर 2025 की रात पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि यह कार्य उन्होंने प्रयागराज निवासी राजवीर सिंह यादव के कहने पर और पैसों के लालच में किया। राजवीर सिंह यादव खुद को “यादव शक्ति पत्रिका” का संपादक और “बहुजन नायक महिषासुर” पुस्तक का लेखक बताता है। उसने अभियुक्तों को भरोसा दिलाया था कि इस विषय पर उसने कोर्ट में मुकदमा जीत लिया है और उन्हें किसी प्रकार की सजा नहीं होगी।

षड्यंत्र का तरीका

सरोज सरगम और उसका पति राममिलन बिन्द बिरहा मंडली चलाते थे। मंडली के सदस्य ही वीडियो की स्क्रिप्ट, रिकॉर्डिंग और अपलोडिंग में सहयोग करते थे। प्रयागराज में बैठकर यूट्यूब चैनल के जरिए वीडियो अपलोड किए जाते थे।

आपत्तिजनक सामग्री को पहले जिला साइबर सेल ने यूट्यूब से हटवाया था, लेकिन इसके बाद भी अभियुक्त बार-बार नए वीडियो अपलोड कर देते थे।

धर्म परिवर्तन और अवैध कब्जा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब 10 महीने पहले सरोज सरगम और उसका पति ईसाई धर्म में धर्मांतरित हो चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने गढ़वा क्षेत्र में वन विभाग की 15 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर खेती कर रखी थी, जिसे 23 सितम्बर 2025 को प्रशासनिक टीम ने कब्जामुक्त कराया। राममिलन बिन्द के पास से आपत्तिजनक साहित्य और कई डिजिटल डिवाइस भी बरामद किए गए हैं। इनका साइबर सेल द्वारा विश्लेषण किया जा रहा है।

पंजीकृत मुकदमे

1. मु0अ0सं0-271/2025, धारा 299, 196 बीएनएस व 67 आईटी एक्ट, थाना मड़िहान, मीरजापुर।

2. मु0अ0सं0-190/2025, धारा 299, 196, 353 बीएनएस, 67 आईटी एक्ट व 7 सीएलए एक्ट, थाना कोतवाली शहर, मीरजापुर।

अभियुक्तों के नाम व भूमिका

1. सरोज सरगम उर्फ सरोज कोल, बिरहा गायिका। 2. राममिलन बिन्द, पति, मंडली संचालक व निर्देशक। 3. सीताराम कोल, कोरस गायक। 4. सुरेश कोल, कोरस गायक।5. प्रेम सरोज उर्फ प्रचण्ड, ढोलक वादक। 6. राकेश कुमार यादव, हारमोनियम वादक। 7. सोनू बिन्द, राममिलन का भांजा, यूट्यूब चैनल सह-संचालक। 8. शशांक प्रजापति, स्टूडियो संचालक। 9. राजवीर सिंह यादव, लेखक व संपादक, मुख्य साजिशकर्ता।

पुलिस का बयान

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील है और समाज में विद्वेष फैलाने की सुनियोजित साजिश प्रतीत होता है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। बरामद साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया जा रहा है। यह प्रकरण सिर्फ एक वायरल वीडियो का मामला नहीं बल्कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ और संगठित तरीके से समाज को बांटने की कोशिश का उदाहरण है। पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से एक बड़े षड्यंत्र का भंडाफोड़ हुआ है।