ब्राजील में चमत्कार: कॉपर टी लगे होने के बावजूद जन्मा स्वस्थ बच्चा, हाथ में पकड़ी मिली डिवाइस

नई दिल्ली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अक्टूबर 2025 ब्राजील से एक हैरान करने वाला और चमत्कारिक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने गर्भनिरोधक डिवाइस कॉपर टी (IUD) लगवाया था, ताकि वह दोबारा मां न बनें। लेकिन इसके बावजूद महिला गर्भवती हो गई और 9 महीने की कठिन परिस्थितियों के बाद उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि नवजात शिशु जन्म के समय अपने हाथ में कॉपर टी पकड़े हुए नजर आया।

क्या है कॉपर टी?

कॉपर टी एक गर्भनिरोधक उपकरण (Intrauterine Device) है जिसे गर्भाशय में लगाया जाता है। इसका उद्देश्य यह होता है कि महिला गर्भधारण न कर सके। इसकी सफलता दर 99% से अधिक मानी जाती है, लेकिन बहुत ही दुर्लभ मामलों में यह फेल भी हो सकती है।

महिला के साथ क्या हुआ?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने करीब दो साल पहले कॉपर टी लगवाया था। सबकुछ सामान्य चल रहा था लेकिन अचानक उसे पता चला कि वह गर्भवती हो चुकी है। जब तक डॉक्टर को दिखाया गया, तब तक गर्भ काफी आगे बढ़ चुका था। ऐसे में डॉक्टरों ने कॉपर टी निकालने से मना कर दिया, क्योंकि इससे गर्भपात या महिला की जान को खतरा हो सकता था।

गर्भावस्था के दौरान महिला को लगातार ब्लीडिंग और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। इसके बावजूद गर्भ सुरक्षित रहा और आखिरकार बच्चे का जन्म हुआ।

बच्चा बिल्कुल स्वस्थ

जन्म के समय बच्चे ने सभी को चौंका दिया। वह हाथ में कॉपर टी पकड़े हुए था। यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोग इसे “चमत्कार” बताने लगे। अच्छी बात यह है कि बच्चा और मां दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

मेडिकल साइंस की नजर से

डॉक्टरों का कहना है कि यह मामला बेहद दुर्लभ है। कभी-कभी कॉपर टी अपनी सही पोजीशन से खिसक जाती है, जिससे गर्भधारण हो सकता है। लेकिन गर्भ के दौरान डिवाइस को निकालना जोखिमभरा होता है। ऐसे केस मेडिकल साइंस के लिए भी अध्ययन का विषय बन जाते हैं।

यह घटना साबित करती है कि विज्ञान भी कभी-कभी प्रकृति के आगे बेबस हो जाता है।