नोएडा में बड़ा खुलासा: पत्नी के “क़त्ल” के आरोप में पति 4 महीने से जेल में, विवाहिता बॉयफ्रेंड संग ज़िंदा मिली

नोएडा:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 नवंबर 2025 एक चौंकाने वाले मामले में उत्तर प्रदेश के नोएडा से वह विवाहिता गूंजा ज़िंदा बरामद की गई, जिसकी हत्या के आरोप में उसका पति रंजीत पिछले चार महीने से जेल की सलाखों के पीछे था। मामला तब उजागर हुआ जब रंजीत के परिजनों को गूंजा के जीवित होने की सूचना मिली और उन्होंने नोएडा जाकर पुलिस की मदद से उसे बरामद कराया।

🔴 बॉयफ्रेंड के साथ रह रही थी विवाहिता

जानकारी के अनुसार, गूंजा अपने बॉयफ्रेंड के साथ नोएडा में रह रही थी। बताया गया कि वह अपने प्रेमी के साथ घर बसाना चाहती थी, इसलिए वह बिहार के मोतिहारी से निकलकर चुपचाप नोएडा आ गई। इधर, घरवालों को गूंजा के गायब होने पर संदेह हुआ और उन्होंने उसके पति रंजीत पर हत्या व लाश गायब करने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करा दी।

🔴 पुलिस ने पति को मान लिया कातिल, लगा दी चार्जशीट

परिजनों के आरोप और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने पूरा मामला “हत्या” मान लिया और रंजीत को गिरफ्तार कर न्यायालय में चार्जशीट भी दाखिल कर दी।

रंजीत 4 महीनों से जेल में था, और अदालत में उसकी सज़ा लगभग तय मानी जा रही थी। सबको लग रहा था कि उसे उम्रक़ैद मिलना तय है।

🔴 परिजनों की मुखबिरी ने बचाई एक बेकसूर की ज़िंदगी

हालांकि, इसी बीच रंजीत के परिवार को गुप्त सूचना मिली कि गूंजा नोएडा में अपने बॉयफ्रेंड के साथ रह रही है। परिवार ने तत्काल वहां पहुंचकर पुलिस की मदद से गूंजा को बरामद कराया।

गूंजा के ज़िंदा मिलने के बाद पूरा मामला उलट गया—एक “क़त्ल केस” की सच्चाई सामने आ गई और एक बेगुनाह पति सलाखों से बाहर आने के क़रीब पहुंच गया।

🔴 अब पुलिस की भूमिका पर सवाल

यह मामला पुलिस की जांच पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है—बिना पुख्ता सबूत के चार्जशीट दाखिल क्यों की गई? गुमशुदा की तलाश पर ज़ोर क्यों नहीं दिया गया? क्या पुलिस ने जल्दबाज़ी में एक निर्दोष को कातिल करार दे दिया?

🔴 आगे क्या?

गूंजा के ज़िंदा मिलने के बाद अब पूरा केस फिर से खुलेगा। रंजीत की जमानत और बरी होने का रास्ता साफ़ माना जा रहा है। वहीं पुलिस और अभियोजन की कार्यप्रणाली की भी जांच होने की संभावना है।