शनिवार शाम को तकनीकी खराबी के कारण लूना-25 स्पेसक्राफ्ट की स्थिति इमरजेंसी

रूस के लूना-25 स्पेसक्राफ्ट में शनिवार शाम को तकनीकी खराबी आ गई। रूसी स्पेस एजेंसी रोस्कोस्मोस ने बताया कि ऑर्बिट बदलने के दौरान इमरजेंसी की स्थिति बनी। इससे ठीक ढंग से ऑर्बिट चेंज नहीं हो सकी। मैनेजमेंट टीम स्थिति का एनालिसिस कर रही है।
रूसी एजेंसी ने तकनीकी खराबी के बारे में ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है। लूना-25 को प्री लैंडिग ऑर्बिट में भेजने के दौरान इमरजेंसी की स्थिति बनी। लूना को 21 अगस्त को चांद पर लैंड करना है।
लूना-25 स्पेसक्राफ्ट को 11 अगस्त को सोयूज 2.1बी रॉकेट के जरिए अमूर ओब्लास्ट के वोस्तोनी कॉस्मोड्रोम से लॉन्च किया गया था। लूना-25 को उसी दिन अर्थ की ऑर्बिट से चांद की तरफ भेज दिया गया था। स्पेसक्राफ्ट 16 अगस्त को दोपहर 2:27 बजे चांद की 100 किलोमीटर की ऑर्बिट में पहुंच गया था। ये 21 अगस्त को चंद्रमा के साउथ पोल पर बोगुस्लावस्की क्रेटर के पास लैंड करेगा।
रूस ने 47 साल बाद चांद पर अपना मिशन भेजा है। इससे पहले उसने 1976 में लूना-24 मिशन भेजा था। लूना-24 चांद की करीब 170 ग्राम धूल लेकर सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस पहुंचा था। अभी तक जितने भी मून मिशन हुए हैं वो चांद के इक्वेटर पर पहुंचे हैं, यह पहली बार होगा कि कोई मिशन चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग करेगा।
भारत की स्पेस एजेंसी इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन को 14 जुलाई 2023 को लॉन्च किया था। फ्यूल का कम इस्तेमाल हो और कम खर्च में यान चंद्रमा पर पहुंच जाए इसलिए उसने पृथ्वी की ग्रैविटी का इस्तेमाल किया है। इस प्रोसेस में फ्यूल तो बच जाता है, लेकिन समय ज्यादा लगता है। इसलिए चंद्रयान को चांद पर पहुंचने में ज्यादा टाइम लग रहा है।
लूना-25 चंद्रमा के बोगुस्लावस्की क्रेटर के पास लैंड करेगा। इसके कोऑर्डिनेट 72.9˚S और 43.2˚E हैं। जबकि चंद्रयान मैंजिनस U क्रेटर के पास लैंड करेगा। इसके कोऑर्डिनेट 69.36˚S और 32.34˚E हैं। इन दोनों क्रेटर्स के बीच की दूरी 100 Km से ज्यादा है।
चांद की मिट्टी के नमूने लेकर बर्फ की उपस्थिति का पता लगाना
अपनी लेटेस्ट सॉफ्ट-लैंडिंग और दूसरी स्पेस टेक्‍नोलॉजी की टेस्टिंग
साउथ पोल पर मिट्टी की फिजिकल-मैकेनिकल प्रॉपर्टी का अध्ययन
सोलर विंड के असर को देखने के लिए प्लाज्मा-धूल का अध्ययन
डीप स्पेस और दूर के ग्रहों की खोज के लिए एक लॉन्चिंग पैड
चांद पर अपना बेस बनाना चाहता है रूस
रूस का लूना-25 मिशन चांद पर उसके फुली ऑटोमेटेड बेस बनाने के प्रोग्राम का हिस्सा है। रोस्कोस्मोस के हेड यूरी बोरिसोव ने बताया कि 2027, 2028 और 2030 में लूना के तीन और मिशन लॉन्च किए जाएंगे। इसके बाद हम चीन के साथ अगले फेज में एंटर करेंगे। इस फेज में हम चांद पर मैन्ड मिशन भेजेंगे और लूनर बेस भी बनाएंगे।