लखनऊ:योगी सरकार का बड़ा फैसला जिला मुख्यालयों वाली नगर पालिकाएं बनेंगी स्मार्ट और विकसित

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला मुख्यालयों वाली सभी नगर पालिकाओं को स्मार्ट और विकसित नगर पालिका के रूप में विकसित करने की योजना का क्रियान्वयन शीघ्र प्रारम्भ किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास की दिशा में यह योजना प्रदेश के नागरिकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में लखनऊ और कानपुर नगर में 200 इलेक्ट्रिक बसों को नेट कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट मोड पर संचालित करने तथा अन्य नगरों में 650 इलेक्ट्रिक बसों की प्रत्यक्ष खरीद का प्रस्ताव रखा गया। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलेक्ट्रिक बसों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास शीघ्र किया जाए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत नगर पालिकाओं में अनेक आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें गौरव पथ, पिंक टॉयलेट, शहरी सुविधा केंद्र, स्मार्ट क्लासरूम, आंगनबाड़ी, थीम आधारित पार्क, ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण, जलाशयों का पुनर्जीवन, ईवी चार्जिंग स्टेशन, ग्रीन क्रेमेटोरियम और डिजिटल सेवाएं शामिल होंगी।

इसके साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए उत्सव भवन, सामुदायिक केंद्र और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ आधारित ढांचे भी स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से न केवल शहरों में आधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी बल्कि रोजगार और स्थानीय उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी।

योगी सरकार की इस पहल से उत्तर प्रदेश के शहरों को एक नई पहचान मिलेगी और शहरी जीवन की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।