लखनऊ:यूपी-टी20 लीग सीजन-3 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 सितंबर 2025 ‘भारत रत्न’ श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आज यूपी-टी20 लीग, सीजन-3 का समापन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सतत प्रोत्साहित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से प्रदेश में खेल संरचना को नई दिशा दी जा रही है। वाराणसी, अयोध्या और गोरखपुर में आधुनिक स्टेडियमों का निर्माण तेजी से हो रहा है। इसके साथ ही राज्य सरकार हर विकासखण्ड में मिनी स्टेडियम और हर जनपद में स्टेडियम स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्पोर्ट्स पॉलिसी और प्रदेश में खेलों के लिए तैयार किए जा रहे सुदृढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर से खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।