लखनऊ:सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने गृहमंत्री को लिखा पत्र, विधायक पूजा पाल के बयानों पर जताई आपत्ति।

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025 कौशाम्बी जनपद की चायल विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्रीमती पूजा पाल के हालिया बयानों ने प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। सोशल मीडिया और प्रेस में दिए गए उनके वक्तव्यों पर समाजवादी पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें निराधार, अमर्यादित और भाजपा प्रेरित करार दिया है।

समाजवादी पार्टी का कहना है कि पूजा पाल को राजनीति में पहचान और सम्मान दिलाने का काम सपा ने ही किया था। संकट की घड़ी में पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हर संभव मदद की थी। इसके बावजूद अचानक भाजपा के संपर्क में आने के बाद उनके सुर बदल गए और उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर समाजवादी पार्टी पर ही आरोप लगाने शुरू कर दिए।

सपा नेताओं ने कहा कि पूजा पाल का यह आचरण अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उनका बयान कि “उन्हें अपनी जान का खतरा समाजवादी पार्टी से है और कुछ हुआ तो उसकी जिम्मेदार पार्टी होगी” न केवल दुर्भावनापूर्ण है बल्कि जनता को गुमराह करने वाला भी है।

समाजवादी पार्टी ने सवाल उठाया है कि जनता को यह बताना पूजा पाल की जिम्मेदारी है कि उन्हें असली खतरा किससे है, जबकि जीवन और संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की होती है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा, पिछड़े–दलित–मुस्लिम (पीडीए) से जुड़े आंदोलन से घबराकर पूजा पाल को मोहरा बनाकर समाजवादी पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। सपा ने गृहमंत्री और सरकार से पूजा पाल के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।