लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अगस्त 2025 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए मुद्दे को आगे बढ़ाते हुए समाजवादी महिला सभा ने आज जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा।
महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में दर्जनों महिला कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने बताया कि विगत चुनाव में चुनाव अधिकारियों द्वारा हजारों मतदाताओं के वोट काट दिए गए थे। सपा की ओर से इस पर विरोध जताते हुए 18,000 से अधिक शपथ पत्र भी प्रस्तुत किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से श्रीमती प्रियंका शाक्य पत्नी सपा नेता डॉ. नवल किशोर शाक्य सहित महिला सभा की कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। महिला सभा ने चेतावनी दी कि अगर शीघ्र ही इस विषय पर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
👉 यह कदम न केवल महिला शक्ति की एकजुटता को दर्शाता है बल्कि लोकतंत्र में मताधिकार की महत्ता को भी उजागर करता है।
