लखनऊ: मलिहाबाद में समाजवादी पार्टी का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, 2027 चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के माल ब्लॉक में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन रतन राज पैलेस, देवरीगंजा, बदैयां मार्ग पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहनलालगंज सांसद आर.के. चौधरी और आंवला सांसद नीरज मौर्या मौजूद रहे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला सभा जूही सिंह और पूर्व मंत्री रामसिंह राणा ने भी शिरकत की। सम्मेलन की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता बालकराम रावत ने की जबकि संचालन पदमाकर सिंह यादव ने किया।

अपने संबोधन में सांसद नीरज मौर्या ने कहा कि भाजपा सरकार जनता के मताधिकार को छीनने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को साफ दिख रहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उसकी हार तय है और अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में पीडीए सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीब, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को शिक्षा से वंचित करने के लिए सरकारी स्कूलों को बंद कर रही है। सांसद ने सभी बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान बचाने और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना के लिए अपने-अपने बूथ पर हर मतदाता को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करें और पार्टी को मजबूत बनाएं।

सम्मेलन में जिलाध्यक्ष जयसिंह ‘जयन्त’, प्रदेश उपाध्यक्ष सी.एल. वर्मा, जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान, पूर्व प्रत्याशी सोनू कनौजिया, राजबाला रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह यादव, प्रदेश सचिव रामगोपाल यादव, वसी अहमद खान, राशिद अली, स्नातक एमएलसी कांति सिंह पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का फूल मालाओं से स्वागत कर आगामी चुनाव में पार्टी की जीत के लिए संकल्प दोहराया।