लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश लोकायुक्त संगठन ने 2024 की वार्षिक रिपोर्ट राज्यपाल को सौंप दी है। इस रिपोर्ट में 4 IAS अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है। लोकायुक्त जस्टिस संजय मिश्रा ने इन अफसरों के नाम का खुलासा नहीं किया है। रिपोर्ट विधानसभा में पेश होने के बाद ही इनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
गवर्नर हाउस से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2024 के दौरान लोकायुक्त संगठन को कुल 4484 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 2316 शिकायतों का निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों की जांच प्रक्रिया जारी है। लोकायुक्त की इस रिपोर्ट को लेकर प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जिन IAS अफसरों के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति की गई है, उन पर भ्रष्टाचार या पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप हो सकते हैं।
लोकायुक्त संगठन का कहना है कि उनका उद्देश्य शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। रिपोर्ट विधानसभा पटल पर रखे जाने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी। अब सबकी निगाहें विधानसभा पर टिकी हैं, जहां रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद यह साफ होगा कि आखिर वे चार IAS अफसर कौन हैं, जिनके खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति की गई है।
