लखनऊ:यूपी में नया बिजली कनेक्शन महंगा, प्रीपेड मीटर से बढ़ेगा बोझ

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश में नया बिजली कनेक्शन लेना अब आम लोगों की जेब पर भारी पड़ेगा। यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने घोषणा की है कि अब हर नए कनेक्शन पर स्मार्ट प्रीपेड मीटर ही लगाए जाएंगे। यह मीटर मौजूदा मीटर की तुलना में करीब 6 गुना महंगा होगा। UPPCL के प्रबंध निदेशक आईएएस पंकज कुमार ने बताया कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता के लिए अब केवल स्मार्ट प्रीपेड मीटर ही लगाए जाएंगे। लेकिन इसकी लागत ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक, पहले सिंगल फेज़ मीटर के लिए मात्र ₹872 का शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर के लिए ₹6016 जमा करने होंगे। वहीं, जिन घरों में पुराने मीटर लगे हैं, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलना अनिवार्य किया जाएगा। इस फैसले से जहां बिजली बिलिंग व्यवस्था और राजस्व वसूली में पारदर्शिता आएगी, वहीं आम उपभोक्ताओं को नया कनेक्शन लेने या पुराना मीटर बदलवाने के लिए अधिक खर्च उठाना पड़ेगा।

उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया

नए आदेश के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। आम जनता का कहना है कि इतनी अधिक लागत उनके लिए भारी बोझ साबित होगी। वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि प्रीपेड मीटर से बिजली चोरी पर रोक लगेगी और उपभोक्ता अपनी खपत के अनुसार बिल का भुगतान कर सकेंगे। अब देखना यह होगा कि सरकार और UPPCL उपभोक्ताओं की जेब पर पड़े इस बोझ को कम करने के लिए कोई राहत योजना लाते हैं या नहीं।