लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 सितंबर 2025 ‘नए उत्तर प्रदेश’ में सुगम, सुलभ और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आज राजधानी लखनऊ से कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का डिजिटल शुभारंभ एवं शिलान्यास किया गया। इस मौके पर प्रदेशवासियों के लिए परिवहन सेवाओं को और अधिक सुविधाजनक एवं आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जन सेवा केंद्रों के माध्यम से परिवहन सेवाओं की शुरुआत की गई, जिससे आमजन को आवश्यक सुविधाएं नजदीकी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही, प्रदेश भर में विभिन्न बस स्टेशनों और कार्यशालाओं का डिजिटल लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर निजी क्षेत्र के ATDC, RVSF और ATS के निवेशकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित महिला परिचालकों को नियुक्ति-पत्र देकर उन्हें सशक्तिकरण की दिशा में प्रोत्साहित किया गया।
प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए ‘यूपी मार्गदर्शी’ डिजिटल बस ट्रैकिंग ऐप और सरल परिवहन हेल्पलाइन 149 का शुभारंभ भी किया गया। इसके अलावा इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट की नई बुकलेट का विमोचन किया गया और नई बसों व इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में महत्वपूर्ण समझौते भी हुए, जिनमें परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश और आईआईटी, खड़गपुर के बीच तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम और जन सेवा केंद्र के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर शामिल हैं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ये पहलें प्रदेश में परिवहन सेवाओं को नई दिशा देंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। साथ ही, यह निवेश और तकनीकी सहयोग का नया द्वार खोलेगी।
प्रदेश के परिवहन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी गई।
