लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को और सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोक भवन, लखनऊ में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ किया। यह ऐतिहासिक अवसर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और स्वर्णिम मील का पत्थर माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2020 में मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत से अब तक प्रदेश में महिला सुरक्षा को नई दिशा मिली है। इसी का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश पुलिस 44,177 महिला कर्मियों के साथ देश का सबसे बड़ा महिला पुलिस बल बन चुकी है।
मिशन शक्ति केन्द्र : थानों में एकल सम्पर्क बिंदु
मिशन शक्ति 5.0 का सबसे बड़ा नवाचार है – मिशन शक्ति केन्द्र, जिन्हें प्रदेश के प्रत्येक थाने में स्थापित किया जाएगा। कुल 1,663 मिशन शक्ति केन्द्र स्थापित होंगे, जो महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में काम करेंगे।
इन केन्द्रों पर पीड़िता को शिकायत दर्ज़ कराने से लेकर परामर्श, कानूनी मदद और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की पूरी सुविधा उपलब्ध होगी।
SOP पुस्तिका जारी
कार्यक्रम में इन केन्द्रों के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) पुस्तिका भी जारी की गई। इससे यह सुनिश्चित होगा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण हो सके।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
मिशन शक्ति 5.0 न केवल महिला सुरक्षा को नई मजबूती देगा, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी नई संभावनाएं खोलेगा। सरकार का उद्देश्य है कि हर महिला और बालिका निर्भीक होकर समाज में अपनी भूमिका निभा सके।
यह पहल उत्तर प्रदेश को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में प्रस्तुत करती है।
