लखनऊ:उत्तर प्रदेश में इतिहास की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती: 60,244 नवचयनित आरक्षियों को नियुक्ति पत्र प्रदान

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जून 2025 आज लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी ने उत्तर प्रदेश पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 60,244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह अवसर उत्तर प्रदेश के सुरक्षा ढांचे को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

इस विशाल भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों में समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। चाहे वह गरीब परिवारों से हों, दलित, वंचित, पिछड़े, अति पिछड़े समुदाय से हों या फिर जनजातीय पृष्ठभूमि से सभी को बिना किसी भेदभाव के, पूर्णतः मेरिट आधारित प्रणाली के तहत चयनित किया गया है। इस प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस की समावेशी और प्रगतिशील सोच को दर्शाती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अमित शाह जी ने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश भर में पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस भर्ती बोर्ड ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।” इस अवसर पर राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री, पुलिस विभाग के शीर्ष अधिकारीगण, एवं नवचयनित अभ्यर्थियों के परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच पर नवचयनित आरक्षियों का उत्साह और गर्व देखने योग्य था।उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल होने जा रहे इन हजारों युवा सिपाहियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए, प्रदेशवासियों ने माननीय केंद्रीय गृह मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया। यह भर्ती न केवल युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य करेगी, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगी।