लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को अयोध्या जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कई अहम निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिरुद्ध प्रताप सिंह समेत सभी संबंधित अधिकारी व वीआरसी ऑपरेटर उपस्थित रहे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूचियों को पूरी तरह त्रुटिरहित एवं शुद्ध बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धुंधली, काली या मानक के अनुरूप न पाई जाने वाली मतदाताओं की फोटो को तत्काल हटाकर नई व स्पष्ट फोटो अपलोड की जाए। साथ ही मतदाता सूची से दोहरी प्रविष्टियों को हटाने और मकान संख्या सही ढंग से अंकित कराने के निर्देश दिए।
युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं की संख्या कुल मतदाताओं के अनुपात में कम से कम 4-4.5% होनी चाहिए, जबकि अयोध्या में यह आंकड़ा फिलहाल केवल 1% है। इसका सीधा अर्थ है कि बड़ी संख्या में युवा मतदाता सूची से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि इस कमी को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग, महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों के सहयोग से युवाओं को चिन्हित कर मतदाता बनाया जाए।
इसी प्रकार अयोध्या जिले की जनसंख्या के लिंगानुपात के अनुसार महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए विशेष प्रावधान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी EROs को निर्देश दिया कि दिव्यांग मतदाताओं (PwD वोटर्स) का डेटाबेस में चिन्हीकरण किया जाए। इससे वे भारत निर्वाचन आयोग के सक्षम मोबाइल ऐप (Saksham Mobile App) के माध्यम से चुनाव के दौरान आवश्यक सुविधाओं जैसे व्हीलचेयर की मांग कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि 83 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाए, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में घर से मतदान करने वाले 85 वर्ष से अधिक आयु के पात्र मतदाताओं की सही संख्या ज्ञात की जा सके।
मतदेय स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार
निर्वाचन आयोग ने अब प्रति मतदेय स्थल पर अधिकतम मतदाताओं की संख्या 1500 से घटाकर 1200 कर दी है। इससे मतदान के दिन भीड़ कम होगी और मतदाता आसानी से अपना मत डाल सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि अयोध्या जिले के सभी मतदेय स्थलों पर न्यूनतम आश्वासित सुविधाएं उपलब्ध हों, जिनमें साफ पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग शौचालय, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली व्यवस्था और दिव्यांग मतदाताओं हेतु स्थायी रैम्प शामिल हैं। फिलहाल जिले के 99% मतदेय स्थलों पर ये सुविधाएं उपलब्ध हैं, शेष स्थानों पर इन्हें जल्द पूरा करने को कहा गया।
प्रशिक्षण और रिक्त पदों की पूर्ति
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ERO, AERO, BLO व सुपरवाइजर को सघन प्रशिक्षण दिया जाए ताकि वे अपने दायित्वों का सही निर्वहन कर सकें। साथ ही सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के रिक्त पदों को एक सप्ताह के भीतर भरे जाने के भी निर्देश दिए।
