लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 उत्तर प्रदेश की नौकरशाही में एक बार फिर बड़ा फेरबदल हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भरोसेमंद अफसर IAS सुरेंद्र सिंह (2005 बैच) को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के पद पर नियुक्त किया है।
सुरेंद्र सिंह इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी के विशेष सचिव और सचिव रह चुके हैं। वे प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र में अपनी साफ-सुथरी छवि, मेहनत और ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं।
अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने वाराणसी, कानपुर नगर, बरेली, उन्नाव, प्रतापगढ़, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, बलरामपुर और भदोही समेत 9 जिलों के जिलाधिकारी के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा वे मेरठ के मंडलायुक्त (कमिश्नर) और ग्रेटर नोएडा के सीईओ भी रह चुके हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय में अब तीन सचिव तैनात हो गए हैं — अमित सिंह, सूर्यपाल गंगवार और अब सुरेंद्र सिंह।
सुरेंद्र सिंह की सचिवालय में वापसी को मुख्यमंत्री योगी के लिए एक मजबूत प्रशासनिक टीम की पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है। उनके अनुभव और निर्णय क्षमता से शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।
