लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2025 विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों में “AI नवाचार” से जुड़े प्रशिक्षणार्थियों के लिए भव्य कौशल मेले का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर युवाओं में तकनीकी कौशल और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर कई अहम गतिविधियाँ संपन्न हुईं।
मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ एवं अवलोकन लखनऊ में किया गया, जहाँ विभिन्न जनपदों से आए युवाओं को यूथ आइकॉन और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने वाले नव उद्यमियों को ‘इंडस्ट्री एंबेसडर सम्मान’ से अलंकृत किया गया। साथ ही, ‘स्किल रथ’ को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश में तकनीकी जागरूकता को गाँव-गाँव पहुँचाने की नई पहल की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार और मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT), प्रयागराज के बीच एक महत्वपूर्ण MoU (सहमतिपत्र) पर हस्ताक्षर भी किए गए। इसका उद्देश्य स्मार्ट प्रौद्योगिकी को कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में एकीकृत कर युवाओं को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के लिए तैयार करना है।
पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने परंपरागत उद्योगों को तकनीकी सहयोग देकर पुनर्जीवित किया है। इससे न केवल स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़े हैं, बल्कि युवाओं के लिए नवाचार और आत्मनिर्भरता के नए द्वार भी खुले हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि प्रदेश की युवा शक्ति अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और तकनीकी समझ से न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बना सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर प्रदेश के युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा—हमारा युवा ही हमारे नए उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। उसे हर संभव संसाधन और अवसर देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।
