लखनऊ:पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सांसद बृजलाल ने डीजीपी राजीव कृष्ण को भेंट कीं अपनी लिखित क्राइम आधारित पुस्तकें

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक, राज्यसभा सांसद एवं एससी/एसटी आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री बृजलाल ने आज उत्तर प्रदेश के डीजीपी श्री राजीव कृष्ण को अपनी स्वयं लिखित प्रसिद्ध पुस्तकों का संग्रह भेंट किया। उन्होंने “इंडियन मुजाहिदीन”, “पुलिस की बारात”, “लखनऊ के रंगबाज़”, “इटावा फाइल्स” और “डेढ़ विश्वा ज़मीन (यूपी क्राइम फाइल्स)” सहित कुल 30 सेट (150 पुस्तकें) डीजीपी मुख्यालय को समर्पित किए।

इन पुस्तकों में अपराध जगत की गहराइयों, पुलिसिंग के अनुभवों और उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधियों के किस्सों को तथ्यात्मक और सशक्त शैली में प्रस्तुत किया गया है। श्री बृजलाल द्वारा लिखित ये पुस्तकें न केवल पुलिस बल के लिए प्रशिक्षण और प्रेरणा का स्रोत हैं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी अपराध की मनोवृत्तियों और जांच प्रक्रिया की झलक प्रदान करती हैं।

इस अवसर पर डीजीपी श्री राजीव कृष्ण ने श्री बृजलाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये पुस्तकें पुलिस अधिकारियों और जवानों को जमीनी अनुभवों से रूबरू कराने में सहायक होंगी और उन्हें बेहतर पुलिसिंग की दिशा में प्रेरित करेंगी। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे। यह पुस्तक भेंट उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण बौद्धिक योगदान मानी जा रही है।