लखनऊ,(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जून 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन श्री शुभांशु शुक्ला जी के परिजनों ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर श्री शुभांशु शुक्ला की माता श्रीमती आशा शुक्ला, पिता श्री शंभू दयाल शुक्ला, बहन सुश्री शुचि मिश्रा तथा भतीजे श्री वैश्विक मिश्रा उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अभूतपूर्व योगदान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके परिवार को बधाई दी और कहा कि यह पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है कि राज्य का एक होनहार सपूत भारतीय अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा बन रहा है। मुख्यमंत्री ने परिजनों से बातचीत के दौरान शुभांशु शुक्ला के प्रारंभिक जीवन, शिक्षा और प्रेरणास्रोतों के विषय में जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवाओं में विज्ञान और नवाचार के प्रति रुचि बढ़ रही है। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जैसे समर्पित और मेधावी युवाओं की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी बन सकें।
इस भेंट के दौरान शुक्ला परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और शुभांशु शुक्ला के सपनों को साकार करने में मिले सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
