लखनऊ:ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जनसुनवाई में की शिकायतों की समीक्षा

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2025 ऊर्जा मंत्री मा० ए.के. शर्मा जी ने आज ऊर्जा विभाग से संबंधित शिकायतों की जनसुनवाई की। यह जनसुनवाई संभव पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा हेतु आयोजित की गई।

बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागज़ों तक सीमित न रहे, बल्कि उपभोक्ता को वास्तविक रूप से उसका लाभ मिलना चाहिए।

जनसुनवाई के दौरान मा० मंत्री जी ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी संतुष्टि की जानकारी भी प्राप्त की। शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं और समाधान की स्थिति के बारे में फीडबैक दिया।

ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार आमजन को पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही या टालमटोल की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर विभागीय वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।