लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाहजहांपुर जिले के चिलौआ गांव के प्रगतिशील ड्रैगन फ्रूट किसान अंशुल मिश्रा को अपने परिवार के साथ लखनऊ राजभवन में आमंत्रित किया गया। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा आयोजित इस विशेष लंच कार्यक्रम में प्रदेश के 56 चयनित प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया।
अंशुल मिश्रा अपनी पत्नी प्रियांशी और बेटे अरुणोदय के साथ राज्यपाल महोदया से आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस दौरान राजभवन के अधिकारियों ने उन्हें पूरे राजभवन का भ्रमण कराया। मुलाकात के दौरान राज्यपाल महोदया ने छोटे अरुणोदय को चॉकलेट भेंट की। अरुणोदय ने मासूमियत से कहा – “आप राज्यपाल दादी हो, लेकिन योगी बाबा नहीं आए”। इस पर राज्यपाल महोदया मुस्कुराते हुए बोलीं – “योगी जी शाम 5 बजे आएंगे, तब आपकी मुलाकात करवाएंगे”।
लंच के बाद ग्रुप फोटो सेशन में भी राज्यपाल महोदया ने अरुणोदय को अपने पास बुलाकर फोटो खिंचवाई।
शाम को आयोजित अभिवादन व स्वल्पाहार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल महोदया और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मंच पर मौजूद थे। अंशुल मिश्रा ने योगी जी को अरुणोदय की दोपहर वाली मासूम बात सुनाई, जिस पर मुख्यमंत्री योगी जी हंसते हुए बोले – “अब तो योगी बाबा आ गए, अब इसकी फोटो खींचो”। इसके बाद परिवार के साथ मुख्यमंत्री ने फोटो खिंचवाई और अरुणोदय को आशीर्वाद स्वरूप चॉकलेट दी। अंशुल मिश्रा ने इस अविस्मरणीय अनुभव के लिए राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
