लखनऊ:डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्वतंत्रता दिवस पर दी शुभकामनाएं, अमर बलिदानियों को किया नमन

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों एवं समस्त पुलिस परिवार को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस दिन को हमारी एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुशासन का प्रतीक बताते हुए सभी को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि स्वाधीनता की वेदी पर अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी अमर बलिदानियों को कोटि-कोटि नमन। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें देश और प्रदेश की सुरक्षा, शांति और प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत रहना होगा।

उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यशस्वी नेतृत्व में कानून के शासन और सुशासन की सुदृढ़ परंपरा को और मजबूत बनाने में सहयोग करें। डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा और सम्मान की सुनिश्चितता के लिए प्रतिबद्ध है और इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है कि राष्ट्र हित सर्वोपरि है।

राज्यभर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें ध्वजारोहण, परेड और देशभक्ति के सांस्कृतिक आयोजन शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने देश की अखंडता और सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प भी लिया।