लखनऊ:डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस झंडा दिवस पर मुख्यमंत्री को लगाया लैपल-पिन, स्मृति-चिह्न भेंट कर बढ़ाया गौरव

लखनऊ:( द दस्तक 24 न्यूज़) 23 नवम्बर 2025 उत्तर प्रदेश पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर आज एक विशेष और गरिमामय क्षण देखने को मिला, जब प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री राजीव कृष्ण ने माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को उत्तर प्रदेश पुलिस ध्वज का लैपल-पिन लगाया और उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किया। यह क्षण डीजीपी के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण होने के साथ-साथ पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस बल के लिए सम्मान का विषय रहा।

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि वीरता, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, बलिदान और जनविश्वास का गौरवशाली चिह्न है। यह ध्वज हर पुलिसकर्मी को यह संकल्प याद दिलाता है कि—हर स्थिति में संविधान, समाज और नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस झंडा दिवस, पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, सेवाओं और शहीद पुलिसकर्मियों के अमूल्य योगदान को श्रद्धांजलि देने का अवसर होता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में उत्कृष्ट भूमिका निभाई है तथा निरंतर पेशेवर दक्षता के साथ कार्य किया है।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने ध्वज को सलामी देते हुए राज्य की सुरक्षा, शांति एवं सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह अवसर न केवल डीजीपी राजीव कृष्ण के लिए गर्व का क्षण रहा, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के सम्मान और गौरव में चार चांद लगाने वाला भी सिद्ध हुआ।