लखनऊ;उत्तर प्रदेश में विभिन्न भर्तियों में आयु सीमा छूट की मांग, सांसद चन्द्रशेखर आज़ाद ने सीएम योगी को भेजा पत्र

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अगस्त 2025 आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद एड. चन्द्रशेखर आज़ाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रदेश की लंबित भर्तियों में अभ्यर्थियों को आयु सीमा में राहत देने की मांग की है। सांसद ने कहा कि प्रदेश में पुलिस सब-इंस्पेक्टर, एलटी ग्रेड शिक्षक और प्रवक्ता भर्ती वर्षों तक लंबित रहने के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है।

चन्द्रशेखर आज़ाद ने पत्र में लिखा है कि पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती का पिछला विज्ञापन वर्ष 2021 में आया था, जिसके बाद अब चार साल बाद नया विज्ञापन जारी हुआ है। वहीं, एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का पिछला विज्ञापन वर्ष 2018 में आया था और सात साल बाद नया विज्ञापन जारी किया गया है। प्रवक्ता भर्ती भी लंबे समय बाद आई है। इन परिस्थितियों ने मेहनती और संघर्षशील युवाओं को गंभीर संकट में डाल दिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी गई केवल 3 वर्ष की आयु सीमा छूट पर्याप्त नहीं है और इससे अभ्यर्थियों को वास्तविक राहत नहीं मिल पा रही।

सांसद की मुख्य मांगें:

1. इन सभी भर्तियों में आयु सीमा में कम से कम 6 वर्ष की छूट दी जाए।

2. भविष्य में सभी भर्तियां नियमित अंतराल पर आयोजित कराई जाएं।

3. कोविड और अन्य सरकारी देरी से हुए नुकसान का उचित मुआवजा अभ्यर्थियों को दिया जाए।

सांसद ने कहा कि यह केवल नौकरी का मुद्दा नहीं है बल्कि लाखों युवाओं और उनके परिवारों के भविष्य का सवाल है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री इस गंभीर मुद्दे को संज्ञान में लेकर आवश्यक निर्णय लेंगे और प्रदेश के युवाओं को न्याय दिलाएंगे।