लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद वाराणसी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक सेवापुरी के बनौली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आयोजित की गई।
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि सभा स्थल पर सभी बुनियादी सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, छाया एवं बैठने की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से सावन मास और संभावित बरसात को देखते हुए बारिश से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया।
सीएम योगी ने कहा कि,श्रावण मास में प्रधानमंत्री जी का आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम की सफलता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभा स्थल के आसपास सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, प्रधानमंत्री के काफिले के मार्ग पर यातायात व्यवस्थित बनाए रखने, और पब्लिक एड्रेस सिस्टम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण और शिलान्यास की जाने वाली सभी परियोजनाओं की औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने शहर में वार्डवार समितियों का गठन कर निरंतर स्वच्छता अभियान चलाने के आदेश भी दिए।
वरुणा नदी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी बैठक में दिए गए ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और जनसभा स्थल की व्यवस्था की जानकारी दी।
समीक्षा बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर धार्मिक आस्था भी व्यक्त की।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, तथा कई अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
