लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के तीन नवस्थापित राज्य विश्वविद्यालयों — मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय, बलरामपुर, मां विन्ध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, मीरजापुर, और गुरु जम्भेश्वर राज्य विश्वविद्यालय, मुरादाबाद — की शैक्षणिक गतिविधियों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में तीनों विश्वविद्यालयों के कुलपति भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसरों के बुनियादी ढांचे, फैकल्टी की नियुक्ति, पाठ्यक्रमों की रूपरेखा तथा शोध व नवाचार से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुरु जम्भेश्वर राज्य विश्वविद्यालय मुरादाबाद की वेबसाइट और लोगो का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु जम्भेश्वर राज्य विश्वविद्यालय, मुरादाबाद की आधिकारिक वेबसाइट www.gjum.ac.in का लोकार्पण किया। साथ ही, विश्वविद्यालय के प्रतीक चिन्ह (Logo) का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि वेबसाइट और लोगो विश्वविद्यालय की पहचान को सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक और डिजिटल माध्यमों के जरिए शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त बुनियाद की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन तीनों विश्वविद्यालयों की स्थापना प्रदेश के पिछड़े और अर्धशहरी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई है। इन संस्थानों के माध्यम से स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय आवश्यकता के अनुसार व्यावसायिक और तकनीकी पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कुलपतियों से अपेक्षा जताई कि वे शिक्षण की गुणवत्ता के साथ-साथ विश्वविद्यालयों को शोध, नवाचार और कौशल विकास के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित करें।
