लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से राहत और पुनर्वास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ से प्रभावित ऐसे सभी इलाके जहाँ कटान की समस्या सामने आ रही है, उन पर विशेष निगरानी रखी जाए। इससे समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके और संभावित नुकसान को रोका जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बाढ़ के पानी के चलते जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका तत्काल सर्वेक्षण किया जाए। सर्वेक्षण के आधार पर पात्र लोगों को ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना’ के तहत नया आवास और ज़मीन का पट्टा मुहैया कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन सतत रूप से सक्रिय रहे और जरूरत की हर वस्तु की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। अगर किसी क्षेत्र में राहत सामग्री या आवश्यक संसाधनों की कमी हो, तो उसकी जानकारी तुरंत मुख्यमंत्री कार्यालय को दी जाए ताकि आवश्यकतानुसार आपूर्ति की जा सके।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राहत शिविरों में लोगों को स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सकीय सुविधा और सुरक्षा मिले। साथ ही, पशुओं के चारे और इलाज की व्यवस्था भी प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार बाढ़ की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और जिलों से रिपोर्ट प्राप्त कर रहे हैं। सरकार ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
